एक ही कमरे में परिवार के 5 लोगों की मौत

मथुरा। जिले में एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक ही कमरे से एक परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद किए गए। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, कमरे के अंदर बेड पर मां और एक बेटा-बेटी के शव मिले, जबकि दूसरी बेटी चारपाई पर पड़ी थी। परिवार के मुखिया मनीष का शव कमरे के फर्श पर मिला। सभी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है।

मामले को लेकर पुलिस की दो प्रमुख थ्योरी सामने आई हैं। पहली थ्योरी के अनुसार, पति-पत्नी और बच्चों ने दूध में जहर मिलाकर सामूहिक रूप से आत्महत्या की। दूसरी थ्योरी में आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले पत्नी और बच्चों की हत्या की, इसके बाद खुद करंट लगाकर आत्महत्या कर ली।

SSP श्लोक कुमार ने बताया कि घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब सुबह बच्चे कहीं नजर नहीं आए। इस पर पड़ोस में रहने वाले मनीष के भाई जयकिशन मौके पर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था, जिस कारण जयकिशन मेन गेट फांदकर अंदर दाखिल हुए और कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर वे स्तब्ध रह गए, सभी लोग मृत अवस्था में पड़े थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस को मौके से दो सुसाइड नोट और एक वीडियो भी मिला है। पहला सुसाइड नोट रसोई की दीवार पर लिखा हुआ था, जिसमें लिखा है कि “मैं मनीष और सीमा अपनी मर्जी से मर रहे हैं, पुलिस किसी को परेशान न करे।” दूसरा सुसाइड नोट कागज पर मिला, जिसमें भी इसी तरह की बातें लिखी हैं। इसके अलावा, आत्महत्या से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मनीष ने अपनी परेशानियों का जिक्र करते हुए जान देने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button