प्रयागराज में गंगा में नहाते समय बड़ा हादसा, 4 बच्चों की डूबकर मौत

प्रयागराज। गंगा नदी में नहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में चार बच्चों की डूबकर मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे मांडा थाना क्षेत्र के बामपुर घाट पर हुई, जहां दोस्तों के साथ नहाने गए बच्चे एक-एक कर गहरे पानी में समा गए।

बचाने की कोशिश में बढ़ा हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दो बच्चे नहाते समय गहरे पानी में जाने लगे। उन्हें बचाने के लिए अन्य बच्चे भी आगे बढ़े, लेकिन देखते ही देखते सभी पानी में डूबने लगे।

शोर सुनकर आसपास मौजूद गोताखोर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया।

3 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने चारों बच्चों के शव बाहर निकाल लिए। मृतकों की पहचान कुनाल (13), निहाल (10), ऋषभ (10) और दीपक (17) के रूप में हुई है।

गांव में पसरा मातम

घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन और पूरे गांव के लोग घाट पर पहुंच गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

9 बच्चे पहुंचे थे नहाने

घटना के वक्त कुल 9 बच्चे गंगा में नहा रहे थे। सातवीं के छात्र अमन ने बताया कि सभी दोस्त साथ में नहा रहे थे, तभी अचानक दो बच्चे डूबने लगे। उन्हें बचाने की कोशिश में अन्य बच्चे भी गहरे पानी में चले गए और हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button