
- कुकरैल नाइट सफारी तक चार लेन सड़क योजना खारिज
- अब दो लेन सड़क बनाने का निर्णय लिया गया
- 700 से अधिक पेड़ों की कटाई टल जाएगी
लखनऊ: लखनऊ में कुकरैल नाइट सफारी तक प्रस्तावित चार लेन सड़क को रोकते हुए अब दो लेन सड़क बनाने का निर्णय लिया गया है। इस बदलाव से 700 से अधिक पेड़ों की कटाई टल जाएगी और पर्यावरण पर होने वाला भारी प्रभाव कम होगा।
प्रदेश के पीडब्ल्यूडी ने 17 फरवरी 2025 को चार लेन सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी किया था। इसके बाद केंद्रीय सशक्त समिति (CEC) ने अपनी रिपोर्ट में इस योजना पर गंभीर आपत्ति जताई। समिति ने चेतावनी दी कि चार लेन सड़क बनने पर बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई करनी पड़ेगी और नाइट सफारी क्षेत्र में शोर और मानवीय हस्तक्षेप बढ़ने से वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास प्रभावित होंगे।
सीईसी की रिपोर्ट के आधार पर शासन ने चार लेन सड़क का प्रस्ताव खारिज कर दिया। अब पीडब्ल्यूडी को दो लेन सड़क का नया प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने चार लेन सड़क के लिए स्वीकृत लगभग 7 करोड़ रुपये का बजट भी शासन को सरेंडर कर दिया है।









