
अम्बेडकरनगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी संजय कुमार शैवाल ने जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी साझा की। जनगणना 2011 के अनुसार जनपद की कुल जनसंख्या 23,97,888 है। स्वास्थ्य सेवाओं का ढांचा उपकेन्द्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और संयुक्त जिला चिकित्सालय तक विस्तारित है।
उपकेन्द्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर
जनसंख्या के अनुसार प्रत्येक 5,000 लोगों पर एक उपकेन्द्र होना चाहिए। जनपद में 325 उपकेन्द्र स्थापित हैं, जिनमें 266 सीएचओ और एएनएम तैनात हैं। उपकेन्द्रों पर मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, पोषण, टीकाकरण, डायरिया नियंत्रण और संचारी रोगों की रोकथाम सहित 14 सामान्य जांच और ईडीएल के अनुसार 84 दवाएं उपलब्ध हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र
30,000 की जनसंख्या पर एक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र होना मानक है। जनपद में 30 ग्रामीण और 5 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र संचालित हैं। प्रत्येक केन्द्र पर एक चिकित्सक एवं पांच पैरामेडिकल स्टाफ तैनात हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में 63 सामान्य जांच और ईडीएल के अनुसार 195 दवाएं उपलब्ध हैं। ग्रामीण केन्द्रों में चार और शहरी केन्द्रों में दो इन्डोर बेड स्थापित हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र
जनसंख्या 1,20,000 के लिए एक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र होना आवश्यक है। जनपद में कुल 11 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हैं, जिनमें अकबरपुर, जलालपुर भीटी, भियांव, रामनगर, जहाँगीरगंज, टाण्डा, बसखारी, कटेहरी, बेवाना और राजे सुल्तानपुर शामिल हैं। प्रत्येक केन्द्र में चार विशेषज्ञ (जनरल सर्जन, फिजिशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ) और 21 पैरामेडिकल स्टाफ तैनात हैं। इन केन्द्रों में ओटी, एक्स-रे, लेबर रूम और प्रयोगशाला की सुविधा के साथ 30 इन्डोर बेड हैं। टाण्डा और जलालपुर में जनरल सर्जन, स्त्री रोग विशेषज्ञ और बाल रोग विशेषज्ञ मौजूद हैं। एक्स-रे सुविधाएं जलालपुर भीटी, जहाँगीरगंज, टाण्डा, बसखारी और कटेहरी में उपलब्ध हैं। टाण्डा में अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी उपलब्ध है।









