पुलिस भर्ती परीक्षार्थियों के लिए नारायण फाउंडेशन की निःशुल्क सुविधा

बाहरी जिलों से आए अभ्यर्थियों ने की पहल की सराहना

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा में शामिल होने के लिए अंबेडकरनगर पहुंचे अभ्यर्थियों के लिए नारायण फाउंडेशन ने निःशुल्क आवास, भोजन और आवागमन की व्यवस्था की। 8, 9 और 10 जून को आयोजित परीक्षा के दौरान विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों अभ्यर्थियों ने इस सुविधा का लाभ उठाया।

फाउंडेशन के संरक्षक एवं भाजपा नेता विवेक मौर्य के निर्देशन में अभ्यर्थियों के ठहरने, भोजन और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की व्यवस्था की गई। यह सुविधा विशेष रूप से उन अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई, जिनका परीक्षा केंद्र अंबेडकरनगर में था और जो दूसरे जिलों से परीक्षा देने पहुंचे थे।

मौर्या स्टेट मैरिज लॉन में की गई व्यवस्था

अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था दयानंद मौर्य के मौर्या स्टेट मैरिज लॉन, मौर्य नगर, पुंथर, टांडा में की गई। यहां परीक्षार्थियों के लिए रहने, भोजन, विश्राम और आवागमन की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुंचाने के लिए वाहनों की भी व्यवस्था की गई।

विवेक मौर्य ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बाहरी जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें ठहरने, भोजन या आवागमन को लेकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अभ्यर्थियों ने जताया संतोष

गोरखपुर और अमेठी से आए अभ्यर्थी शिवम राजभर और अनिल गौतम ने बताया कि परीक्षा केंद्र दूसरे जिले में होने पर ठहरने और भोजन की व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती होती है। उन्होंने कहा कि नारायण फाउंडेशन की ओर से उपलब्ध कराई गई सुविधाओं से उन्हें काफी राहत मिली और परीक्षा की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने में मदद मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button