लखनऊ। राजधानी लखनऊ में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूली बच्चों और नाइट क्लबों तक अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। STF ने चारबाग रेलवे स्टेशन के पास से गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कोकीन, अफीम, गांजा, ऑर्गेनिक गांजा और एमडी ड्रग्स बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि लखनऊ के प्रतिष्ठित स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों और पार्टी कल्चर से जुड़े युवाओं को नशीले पदार्थों की सप्लाई की जा रही है। इसी के बाद STF ने गुप्त रूप से जांच शुरू की और आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
दिल्ली से लखनऊ लाई जाती थी नशे की खेप
पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गिरोह के सदस्य दिल्ली से कोकीन, अफीम, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की खेप लखनऊ लाते थे। इसके बाद इन्हें स्कूलों, कॉलेजों और नाइट क्लबों में सप्लाई किया जाता था।
गुरुवार को STF को इस नेटवर्क की पुख्ता सूचना मिली, जिसके बाद चारबाग इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई की गई और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
- राजकुमार उर्फ चिका, निवासी जौनापुर, महरौली, साउथ दिल्ली
- राजकुमार, निवासी महरौली, दिल्ली
- सैय्यद दावर अलवी, निवासी हुसैनगंज, लखनऊ
- यश श्रीवास्तव उर्फ उत्तम, निवासी रामगढ़ ताल, गोरखपुर
- प्रभजीत सिंह, निवासी नाका हिंडोला, लखनऊ








