गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के साइकिल वितरण कार्यक्रम को रोके जाने पर सपा सांसद डिंपल यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बेटियों के सपनों को पंख देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में राजनीति करते हुए बुलडोजर चलवाना और टेंट उखड़वा देना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि बेटियों का सम्मान और उनका भविष्य किसी भी राजनीति से बड़ा है।
1,000 छात्राओं को बांटी जानी थीं साइकिलें
जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर लोनी के गढ़ी कट्टैया गांव में रविवार को 1,000 गरीब मेधावी छात्राओं को साइकिलें बांटने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। आयोजन की जिम्मेदारी सपा नेता अनुज प्रधान के पास थी।
हालांकि, कार्यक्रम से एक दिन पहले पुलिस और लोनी नगर पालिका प्रशासन ने आयोजन रोक दिया। इससे साइकिल वितरण कार्यक्रम नहीं हो सका।
देर रात बुलडोजर से तोड़ा मंच, टेंट भी हटाया
बताया गया कि शुक्रवार देर रात बुलडोजर की मदद से कार्यक्रम का मंच तोड़ दिया गया और टेंट गिरा दिया गया। आयोजन स्थल से सामान गाड़ियों में भरकर ले जाया गया। कार्रवाई से पहले पुलिस ने आयोजक सपा नेता अनुज प्रधान को करीब छह घंटे तक हिरासत में रखा।
आयोजक पर 10.86 लाख रुपये का जुर्माना
कार्रवाई के बाद नगर पालिका प्रशासन ने आयोजक पर 10,86,930 रुपये का जुर्माना भी लगाया। मामले को लेकर सपा सांसद डिंपल यादव ने आपत्ति जताई है। कार्यक्रम रोकने और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर राजनीतिक विवाद सामने आया है।









