- डांट से नाराज होकर माता-पिता पर किया हमला
- हथौड़े से सिर पर वार कर दोनों की हत्या
- पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में दो बेटों ने अपने माता-पिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि जन्मदिन की पार्टी से लौटने के बाद दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ। माता-पिता ने उन्हें डांटा तो दोनों ने गुस्से में उन पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले अपने माता-पिता को लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा और फिर हथौड़े से सिर पर वार कर दिया। शोर-शराबा और चीख-पुकार सुनकर मकान में रहने वाले किराएदार ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो गंगाशरण (55) और उनकी पत्नी विमलेश (50) गंभीर रूप से घायल मिले। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गंगाशरण मूल रूप से बुलंदशहर के रहने वाले थे और करीब 20 वर्षों से गाजियाबाद में डेयरी का व्यवसाय कर रहे थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटों पर शराब की लत होने और अक्सर घरेलू विवाद करने के आरोप हैं। उनकी पत्नियां भी पहले ही उन्हें छोड़कर मायके जा चुकी थीं।









