
- सरप्राइज के बहाने बुलाकर युवक को बांधा
- केरोसिन/पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप
- हत्या का वीडियो बनाने की भी पुष्टि
बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती को अपने बॉयफ्रेंड की हत्या के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना 21 अप्रैल की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती प्रेमा (27) ने अपने बॉयफ्रेंड किरण (27) को सरप्राइज देने के बहाने घर बुलाया। इसके बाद उसने युवक की आंखों पर पट्टी बांधी, कुर्सी पर बैठाकर रस्सी से हाथ-पैर बांध दिए और फिर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। खुद को छुड़ा न पाने के कारण किरण की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना ब्यादरहल्ली इलाके में आरोपी के घर पर दोपहर करीब 2 बजे हुई। उस समय घर पर कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। दोनों एक मोबाइल स्टोर में साथ काम करते थे और पिछले करीब दो साल से रिलेशनशिप में थे।
नॉर्थ-वेस्ट के डीसीपी नागेश डीएल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी ने रोमांटिक मुलाकात का झांसा देकर युवक को बांधा और फिर उस पर केरोसिन या पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आरोपी ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया।
घटना के बाद पड़ोसियों ने घर से धुआं और चीखें सुनकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। शुरुआत में पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला माना, लेकिन जांच के दौरान कई संदिग्ध पहलू सामने आए, जिसके बाद मामला हत्या में बदल गया।









