
नई दिल्ली। आज 30 जनवरी को गोल्ड और सिल्वर मार्केट में गिरावट देखने को मिली। प्रॉफिट बुकिंग के कारण MCX पर चांदी का भाव करीब 67 हजार रुपए गिरकर 3.32 लाख रुपए प्रति किलो हो गया। हालांकि थोड़ी रिकवरी के बाद यह अब 3.51 लाख रुपए प्रति किलो पर ट्रेड कर रहा है।
सोने में भी MCX पर 15 हजार रुपए की गिरावट दर्ज की गई। 10 ग्राम सोने का भाव 1.54 लाख रुपए तक गिरा, जबकि अब यह 3% नीचे 1.64 लाख रुपए पर कारोबार कर रहा है। सोने और चांदी के ETF में आज 23% तक की गिरावट देखने को मिली।
सर्राफा बाजार में भी चांदी 40,638 रुपए और सोना 9,545 रुपए सस्ता हुआ है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, एक किलो चांदी की कीमत अब 3,39,350 रुपए पर आ गई है, जबकि 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,65,795 रुपए पर पहुंच गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि निवेशक फिलहाल सावधानी बरतें और मार्केट में उतार-चढ़ाव का ध्यान रखें।









