सोना 11 दिन में ₹11 हजार सस्ता, चांदी में हल्की तेजी

24 कैरेट सोना ₹1.45 लाख प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा, ऑलटाइम हाई से ₹31 हजार नीचे

सोने की कीमतों में गुरुवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने का भाव 1,562 रुपए घटकर 1,45,584 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। वहीं, चांदी की कीमत में मामूली बढ़त दर्ज की गई और यह 257 रुपए बढ़कर 2.33 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

बाजार आंकड़ों के अनुसार, 31 मई को 24 कैरेट सोना 1.56 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था। ऐसे में मात्र 11 दिनों के भीतर सोने की कीमत में करीब 11 हजार रुपए की गिरावट आ चुकी है।

कैरेट के हिसाब से देखें तो 22 कैरेट सोना 1,33,355 रुपए, 18 कैरेट सोना 1,09,188 रुपए और 14 कैरेट सोना 85,167 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।

देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने की कीमत दिल्ली, जयपुर और लखनऊ में 1,45,790 रुपए प्रति 10 ग्राम रही, जबकि मुंबई, कोलकाता और रायपुर में यह 1,45,640 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई। भोपाल, पटना और अहमदाबाद में सोने का भाव 1,45,690 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा।

इस वर्ष की शुरुआत से ही सोने और चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 29 जनवरी 2026 को सोना 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया था। इसके मुकाबले अब तक इसकी कीमत में करीब 31 हजार रुपए की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button