
कानपुर। Uttar Pradesh Building and Other Construction Workers Welfare Board की ओर से आईटीआई ग्राउंड में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में अव्यवस्थाओं के बीच नवदंपति और उनके परिजनों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। तेज धूप और लू जैसे हालात में आयोजित कार्यक्रम में लगाए गए कई कूलर बिना पानी के चलते रहे, जिससे ठंडी हवा की जगह गर्म हवा निकलती रही।
गर्मी से परेशान लोग कूलरों के पास राहत तलाशते रहे, लेकिन पानी न होने के कारण कूलर बेअसर साबित हुए। कुछ कूलर तो बंद ही पड़े रहे। आसमान से बरसती आग के बीच जोड़ों ने सात फेरे लिए और शादी की रस्में पूरी कीं।
शादी के सर्टिफिकेट से करने लगे हवा
कार्यक्रम में जैसे ही नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र दिए गए, लोग उसी से खुद को हवा करते नजर आए। भीषण गर्मी के चलते पूरा आयोजन स्थल परेशान लोगों से भरा दिखाई दिया।
इस सामूहिक विवाह समारोह में कुल 101 जोड़ों का विवाह होना था, लेकिन 98 जोड़े ही कार्यक्रम में शामिल हुए। इनमें दो मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे।
मंत्रियों के इंतजार में बढ़ा कार्यक्रम का समय
सुबह 8 बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम में Anil Rajbhar और राज्यमंत्री Manohar Lal Mannu Kori को शामिल होना था। हालांकि, दोनों नेताओं के आने की सूचना न मिलने के कारण कार्यक्रम को सुबह 11 बजे तक टाल दिया गया।
बाद में मंत्रियों के न पहुंचने पर करीब 11:15 बजे विवाह कार्यक्रम शुरू कराया गया। दोपहर के समय कार्यक्रम होने से गर्मी और तेज हो गई, जिससे नवदंपति, परिजन और मेहमान काफी परेशान नजर आए।









