
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के महरुआ थाना क्षेत्र में जीएसटी पोर्टल से जुड़ा बड़ा साइबर फ्रॉड सामने आया है। एक कारोबारी की जीएसटी आईडी और पासवर्ड हैक कर 9.69 करोड़ रुपये से अधिक की फर्जी बिलिंग दर्ज किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना के बाद व्यापारी पर करीब 1.74 करोड़ रुपये की कर देनदारी भी आ गई है। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जीएसटी पोर्टल पर दो बड़ी फर्जी एंट्री, करोड़ों की बिलिंग दर्ज
महरुआ क्षेत्र के मनवा गांव निवासी गया प्रसाद राधेश्याम गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वर्तमान में महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कलवा में रहते हैं। उनकी फर्म समृद्धि इंडस्ट्रियल ट्रेडिंग एंड सर्विस कॉर्पोरेशन के जीएसटी अकाउंट से छेड़छाड़ की गई।
शिकायत के अनुसार, 20 फरवरी को पोर्टल पर 4,02,76,212.50 रुपये की फर्जी बिलिंग दर्ज की गई। इसके बाद 11 मार्च को 5,66,47,931 रुपये की एक और एंट्री दिखाई दी। दोनों मिलाकर कुल 9,69,24,143.50 रुपये की फर्जी इनवॉइस एंट्री सिस्टम में दर्ज हो गई।
कर देनदारी बढ़ी, कारोबारी को भारी नुकसान की आशंका
फर्जी बिलिंग के चलते कारोबारी की टैक्स देनदारी अचानक बढ़ गई है। 11 मार्च की एंट्री के आधार पर लगभग 1,01,96,627.58 रुपये और 20 फरवरी की एंट्री के आधार पर 72,49,718.25 रुपये का कर भुगतान दिखाया गया है।कारोबारी का कहना है कि यह पूरी तरह फर्जी लेनदेन है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है।
बिना संबंध वाली कंपनी के नाम पर बिलिंग का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि थाओसंडवन कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के नाम पर यह फर्जी बिलिंग दिखाई गई है। कारोबारी का इस कंपनी से कोई व्यावसायिक संबंध नहीं है और न ही किसी प्रकार का लेनदेन किया गया है।









