हिमाचल में बढ़ेगी गर्मी, 3 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी

शिमला। हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों तक गर्मी का असर बढ़ने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ऊना, बिलासपुर और सोलन जिलों के लिए हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। प्रदेश के कई इलाकों में पहले से ही गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। सात शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जबकि 13 स्थानों पर पारा 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक होकर 40.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा कांगड़ा में 37.7 डिग्री, सुंदरनगर में 37.5 डिग्री, नेरी में 38.4 डिग्री, नाहन में 35.8 डिग्री, बरठी में 37 डिग्री और मंडी में 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

हालांकि राहत की बात यह है कि गर्मी का यह दौर अधिक दिनों तक नहीं चलेगा। मौसम विभाग के अनुसार 10 जून की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से 11 और 12 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button