
- कई राज्यों में पारा 40°C से 45°C के बीच, हीटवेव का कहर
- वर्धा और झारसुगुड़ा 44.6°C के साथ सबसे गर्म शहर
- 16 शहरों में तापमान 43°C के पार दर्ज
नई दिल्ली। देश के आधे से ज्यादा राज्यों में इस समय भीषण गर्मी और हीटवेव का असर देखने को मिल रहा है। बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कई शहरों में तापमान 40°C से 45°C के बीच बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
बुधवार को महाराष्ट्र का वर्धा और ओडिशा का झारसुगुड़ा 44.6°C तापमान के साथ देश के सबसे गर्म शहर दर्ज किए गए। वहीं देश के 16 शहरों में पारा 43°C के पार पहुंच गया, जिससे लोगों को तेज गर्म हवाओं और लू का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने उठाए एहतियाती कदम
हीटवेव को देखते हुए ओडिशा सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य में दोपहर 11 बजे से 3 बजे तक जनगणना कार्य पर रोक लगा दी गई है, ताकि फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों को लू से बचाया जा सके।
इसके अलावा राजस्थान और उत्तर प्रदेश में सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे तापमान को कुछ हद तक कम किया जा सके। वहीं बीकानेर और ग्वालियर के चिड़ियाघरों में जानवरों को गर्मी से बचाने के लिए कूलर और विशेष इंतजाम किए गए हैं।
स्कूलों में ‘वॉटर बेल सिस्टम’ लागू
राजधानी दिल्ली में गर्मी से बच्चों को बचाने के लिए स्कूलों में ‘वॉटर बेल सिस्टम’ लागू करने की तैयारी की गई है। इसके तहत हर 45 से 60 मिनट में घंटी बजाई जाएगी, जिससे छात्रों को नियमित रूप से पानी पीने की याद दिलाई जा सके और डिहाइड्रेशन से बचाया जा सके।









