दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

नूंह में खड़े ट्रक से टकराई कार, दो गंभीर घायल; सभी राजस्थान के सवाई माधोपुर के निवासी

नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के रवा गांव के पास चैनल नंबर 40 पर एक कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। हादसे में घायल हुए जवाहर और उनका बेटा अक्षय को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों का उपचार शुरू किया गया, लेकिन अक्षय की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया गया। वहीं जवाहर का उपचार स्थानीय मेडिकल संस्थान में जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी मृतक और घायल राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के नवाली गांव के रहने वाले हैं। परिवार कार से अपने गांव से दिल्ली जा रहा था। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर खड़े एक ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल भिजवाया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button