छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे पर भीषण हादसा

ट्रक ने मजदूरों से भरी पिकअप को मारी टक्कर; 5 की मौत, 20 घायल

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा-बैतूल नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। टेमनी खुर्द के पास मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर सड़क पर दूर-दूर जा गिरे।

मृतकों में 3 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। इनमें से केवल एक मृतक की पहचान हो पाई है, जबकि चार शवों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अब तक 20 लोगों को भर्ती किया गया है। इनमें एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे मेडिकल कॉलेज, नागपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

जिला अस्पताल में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं। करीब 20 से 25 डॉक्टर घायलों के इलाज में जुटे हुए हैं। सर्जिकल आईसीयू में तीन मरीज भर्ती हैं, जबकि ऑर्थोपेडिक्स विभाग में चार मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं तीन घायलों का ऑपरेशन थिएटर में उपचार किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर मछैरा गांव के रहने वाले हैं। मृतक सावित्री वनके (31) के पति सुरेश सिंह ने बताया कि सभी लोग सुबह करीब 9 बजे सब्जी तोड़ने के लिए कन्हरगांव जा रहे थे। मजदूरों को लेने के लिए पिकअप खड़ी थी, तभी पीछे से यूरिया से भरा ट्रक आया और उसने पिकअप को टक्कर मार दी। उस समय पिकअप में करीब 20 से 25 मजदूर सवार थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button