आगरा-ग्वालियर हाईवे पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। हादसा सैंया थाना क्षेत्र में कुणाल कॉलेज के पास हुआ, जहां दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
पुलिस के अनुसार, एक अर्टिगा कार में बीएससी के सात छात्र सवार थे, जो परीक्षा देने आगरा जा रहे थे। वहीं दूसरी नेक्सन कार में आठ लोग सवार थे, जो हरिद्वार से लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अर्टिगा कार का टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही नेक्सन कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि नेक्सन कार पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा। हादसे में रिंकू शर्मा, विवेक तिवारी और मीना श्रीवास्तव की मौत हो गई। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
घायल छात्रों के अनुसार, वे धौलपुर से बीएससी की परीक्षा देने आगरा आ रहे थे। रास्ते में अचानक कार का दाहिनी ओर का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चला गया और दुर्घटना हो गई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।









