बागवानी से बढ़ेगी किसानों की आय

उद्यान विभाग की योजनाओं पर मिलेगा आकर्षक अनुदान

अम्बेडकरनगर। जिले के किसानों के लिए बागवानी क्षेत्र में नए अवसर खुलने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में किसानों और कृषि उद्यमियों को फल, फूल, सब्जी, मसाला फसलों तथा कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ मिलेगा। योजना को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले को आवंटित लक्ष्यों और कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि योजना के अंतर्गत इच्छुक किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और पात्र लाभार्थियों का चयन निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा।

आधुनिक बागवानी को मिलेगा बढ़ावा

योजना के तहत हाईडेंसिटी आम, अमरूद, लीची और नींबू के बाग लगाने वाले किसानों को अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा ड्रैगन फ्रूट जैसी उभरती फसलों के उत्पादन को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।

कम लागत और बेहतर आय देने वाली फसलों में पपीता, करौंदा, बेल, बेर और आंवला की खेती को बढ़ावा देने की तैयारी है। वहीं रजनीगंधा और ग्लेडियोलस जैसे व्यावसायिक पुष्पों की खेती भी योजना के दायरे में शामिल की गई है।

कृषि यंत्रों पर भी मिलेगी आर्थिक सहायता

बागवानी के साथ-साथ खेती को आधुनिक बनाने पर भी विशेष फोकस किया गया है। किसानों को ट्रैक्टर, पावर टिलर, नैपसेक स्प्रेयर सहित विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ मिलेगा। इसके अलावा वर्मी बेड, मल्चिंग और टिश्यू कल्चर मशरूम उत्पादन इकाइयों को भी योजना में शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button