हाथरस थाने में युवक की मौत कैसे हुई?

गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद फंदे से लटका मिला, पुलिस पर क्यों उठे सवाल

  • Hathras के चंदपा थाने में युवक की संदिग्ध मौत
  • बाथरूम के रोशनदान से अंगोछे के सहारे लटका मिला शव
  • गाजियाबाद से किडनैपिंग केस में हुआ था अरेस्ट

उत्तर प्रदेश के Hathras जिले में पुलिस कस्टडी में एक युवक की मौत ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला चंदपा थाने का है, जहां गाजियाबाद निवासी 30 वर्षीय चंद्रपाल का शव थाने के बाथरूम में फंदे से लटका मिला।

जानकारी के अनुसार, चंद्रपाल को गुरुवार को Ghaziabad के लोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। उस पर एक 16 वर्षीय किशोरी को भगाने का आरोप था। किशोरी के पिता ने उसके खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था।

पुलिस दोनों को गाजियाबाद से हाथरस लेकर आई थी, जहां किशोरी को वन स्टॉप सेंटर के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि चंद्रपाल को थाने में पूछताछ के लिए रखा गया था।

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के मुताबिक, रात करीब 9:50 बजे चंद्रपाल ने शौच जाने की बात कही। ड्यूटी पर तैनात सिपाही उसे बाथरूम तक लेकर गया। करीब 15 मिनट तक बाहर नहीं आने पर सिपाही को शक हुआ।

जब पुलिसकर्मी अंदर पहुंचा तो देखा कि चंद्रपाल अपने ही अंगोछे के सहारे बाथरूम के रोशनदान से लटका हुआ था। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात सिपाही को सस्पेंड कर दिया है।

बताया जा रहा है कि किशोरी और चंद्रपाल की मुलाकात करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और 15 अप्रैल को किशोरी घर छोड़कर उसके साथ चली गई थी। इसके बाद परिजनों ने मामला दर्ज कराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button