- पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त पर संकट
- समय पर फार्मर रजिस्ट्री नहीं होने पर भुगतान रुकेगा
- जनपद के 4.61 लाख किसान योजना के पात्र
अम्बेडकरनगर। (प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को दी जाने वाली अगली (21वीं) किस्त पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। जनपद के सभी पात्र कृषकों को समय रहते फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य कर दिया गया है। निर्धारित समयसीमा में रजिस्ट्री नहीं कराने वाले किसानों की डिसंबर 2025 में प्रस्तावित 21वीं किस्त स्वतः रोक दी जाएगी।
जनपद के 4.61 लाख किसान योजना के पात्र
उप कृषि निदेशक डा. अश्विनी कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जनपद में कुल 4,61,000 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र हैं। इनमें से बड़ी संख्या में अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना रजिस्ट्री के किसानों का डेटा PM-KISAN पोर्टल पर मर्ज नहीं हो पाएगा, जिससे अगली किस्त का भुगतान अटक सकता है।
तीन माध्यमों से करा सकते हैं रजिस्ट्री
किसानों की सुविधा के लिए रजिस्ट्री कराने के तीन विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं:
कॉमन सर्विस सेंटर (CSC): किसान नजदीकी CSC केंद्र पर जाकर फार्मर रजिस्ट्री करवा सकते हैं।
ग्राम पंचायत सहायक: पंचायत स्तर पर मौजूद सहायक से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
सेल्फ मोड ऐप: किसान अपने स्मार्टफोन से Play Store से “Self Mode” ऐप डाउनलोड कर स्वयं भी रजिस्ट्री कर सकते हैं।
रजिस्ट्री के बाद ही जारी होगी 21वीं किस्त
सरकार ने यह साफ कर दिया है कि फार्मर रजिस्ट्री का डेटा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के मुख्य पोर्टल से मर्ज किया जाएगा। इसके बाद ही 21वीं किस्त रिलीज की जाएगी। यदि रजिस्ट्री नहीं हुई, तो किसान तकनीकी रूप से योजना से बाहर मान लिया जाएगा।








