रिक्रूट आरक्षियों को आईजी अयोध्या ने दिए सेवा के मूलमंत्र

अम्बेडकरनगर। पुलिस लाइन स्थित आरटीसी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के लिए उस समय विशेष अवसर रहा, जब अयोध्या परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की उपस्थिति में केंद्र का भ्रमण किया और आरक्षियों से सीधे संवाद कर सेवा के मूल सिद्धांतों पर प्रेरक मार्गदर्शन प्रदान किया।

आईजी प्रवीण कुमार ने कहा कि अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा पुलिस सेवा की नींव हैं। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान समय की पाबंदी, शारीरिक दक्षता और नैतिक आचरण पर विशेष बल देते हुए कहा कि यही आधार भविष्य में एक सशक्त और संवेदनशील पुलिस बल की संरचना करेगा। उन्होंने आरक्षियों से आह्वान किया कि वे आमजन के प्रति संवेदनशील, मर्यादित और अनुशासित व्यवहार को अपनाएं।

उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और बेहतर बनाए जाने की दिशा में प्रशिक्षुओं से सीधे फीडबैक भी लिया, जिसमें सुविधाओं और संसाधनों की जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश पुलिस अपने आरक्षियों को श्रेष्ठ प्रशिक्षण उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है, ताकि वे राज्य की कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस महानिरीक्षक, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला व पुलिस अधीक्षक ने टांडा स्थित झारखंडी महादेव मंदिर पहुंचकर श्रावण मास में कांवरियों की संख्या को देखते हुए सुरक्षा एवं सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवर यात्रा के दौरान सभी CCTV कैमरे क्रियाशील रहें, सुरक्षा में कोई ढिलाई न बरती जाए, और कांवरियों को हरसंभव सुविधा मुहैया कराई जाए।

Back to top button