
- ताजमहल की नक्काशी और इतिहास की ली जानकारी
- 60 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे थे आगरा
- ताजमहल के बाद जयपुर के लिए रवाना हुए
आगरा। मार्को रूबियो ने सोमवार को पत्नी जेनेट रूबियो के साथ ताजमहल का दौरा किया। दोनों ने दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल का करीब 45 मिनट तक भ्रमण किया और इसकी खूबसूरती को करीब से निहारा।
भीषण गर्मी और 41 डिग्री तापमान के बावजूद मार्को रूबियो ताजमहल परिसर में घूमते नजर आए। उन्होंने पत्नी के साथ मशहूर डायना बेंच पर बैठकर तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान जेनेट रूबियो ने ताजमहल को “बेहद खूबसूरत” बताया।
ताजमहल भ्रमण के दौरान दोनों ने गाइड नितिन सिंह से स्मारक की नक्काशी, इतिहास और निर्माण कला के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ताजमहल की वास्तुकला को लेकर कई सवाल भी पूछे।
मार्को रूबियो काले रंग के कोट-पैंट में नजर आए, जबकि जेनेट ग्रे रंग के गाउन में दिखीं। दोनों ने गर्मी से बचने के लिए काला चश्मा भी पहन रखा था।
मार्को रूबियो पत्नी और करीब 60 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सुबह 10 बजे आगरा पहुंचे थे। खेरिया एयरपोर्ट पर कमिश्नर दीपक कुमार और डीएम मनीष बंसल ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से वे सीधे ताजमहल पहुंचे, जहां उन्होंने गोल्फ कार्ट से परिसर के अंदर प्रवेश किया।
ताजमहल देखने के बाद प्रतिनिधिमंडल द ओबेरॉय अमरविलास पहुंचा। यहां लंच के बाद मार्को रूबियो दोपहर 12:48 बजे विशेष विमान से जयपुर के लिए रवाना हो गए।









