जिला सैनिक बंधु बैठक में उठे सैनिक कल्याण के अहम मुद्दे

14 प्रार्थना पत्रों पर हुई सुनवाई, छह मामलों का मौके पर निस्तारण

अम्बेडकरनगर। पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान तथा सैनिक कल्याण से जुड़े विषयों पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बंधु बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने की। इसमें प्रशासन, पुलिस, जिला सैनिक कल्याण विभाग और स्टेशन मुख्यालय अयोध्या के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने केंद्रीय सैनिक बोर्ड, राज्य सैनिक बोर्ड तथा अन्य मुख्यालयों से प्राप्त दिशा-निर्देशों और नीतिगत पत्रों की जानकारी दी। पिछली बैठक में प्राप्त तीनों प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की पुष्टि भी की गई।

सैनिकों की समस्याओं पर विभागों से सीधे संवाद

बैठक के दौरान कुल 14 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों ने एक-एक मामले पर संबंधित विभागों से चर्चा कर कार्रवाई की। इनमें से छह मामलों का निस्तारण बैठक के दौरान ही कर दिया गया, जबकि शेष आठ मामलों को अगली बैठक तक निस्तारित करने का लक्ष्य तय किया गया। पूर्व सैनिकों को यह भी बताया गया कि व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान के लिए वे सीधे जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

नए सैनिक भवन, ईसीएचएस और एनसीसी बटालियन पर चर्चा

बैठक में नए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भवन की साज-सज्जा के लिए बजट उपलब्ध कराने, अधिकारी एवं कर्मचारी आवास निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की स्थापना तथा जिले में एनसीसी बटालियन शुरू करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।

इसके साथ ही वर्तमान जिला सैनिक कार्यालय भवन को नए परिसर में स्थानांतरण के बाद स्टाफ आवास के रूप में उपयोग किए जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। पुराने शस्त्र लाइसेंसों के नवीनीकरण से जुड़ी समस्याओं को भी बैठक में रखा गया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button