लखनऊ में महिला दरोगा ने ससुर पर लगाया दुष्कर्म का आरोप

जहर देकर मारने की कोशिश का भी दावा

  • प्रयागराज में तैनात महिला दरोगा ने दर्ज कराई शिकायत
  • ससुर पर दुष्कर्म और हथियार दिखाकर धमकाने का आरोप
  • पति, सास और ननद पर भी प्रताड़ना का आरोप

Lucknow के पारा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला दरोगा ने अपने ससुर पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की कोशिश भी की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे जहर खिलाकर कमरे में बंद कर दिया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़िता गायत्रीपुरम की रहने वाली है और प्रयागराज में दरोगा पद पर तैनात है। पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने बताया कि उसकी शादी 14 फरवरी 2025 को हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे जातिसूचक टिप्पणियां कर प्रताड़ित करने लगा।

जाति और नौकरी को लेकर होता था विवाद

महिला के मुताबिक वह चौरसिया समाज से हैं, जबकि उनका पति ठाकुर समाज से है। इसी बात को लेकर परिवार में आए दिन विवाद होता था और उसे अपमानित किया जाता था। इसके अलावा नौकरी करने को लेकर भी परिवार में तनाव बना रहता था और उस पर दबाव डाला जाता था।

पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद उसके ससुर का व्यवहार बदल गया और वह उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने लाइसेंसी हथियार दिखाकर धमकाया।

पति पर भी जबरन संबंध बनाने का आरोप

महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि उसके ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने इस बारे में अपने पति को बताया तो उसने कोई विरोध नहीं किया। उल्टा सास और ननद ने उसे चुप रहने के लिए दबाव बनाया।

पीड़िता के अनुसार 19 जनवरी 2026 को उसके पति ने उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसे चूहे मारने वाला जहर खिला दिया गया और कमरे में बंद कर दिया गया।

पिता को फोन कर बचाई जान

महिला दरोगा ने बताया कि किसी तरह उसने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। मामले को लेकर अब पुलिस अधिकारियों से शिकायत की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button