
देश : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू–राजनीतिक तनाव का असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। सोमवार को बाजार की शुरुआत सपाट रही, जहां शुरुआती कारोबार में प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ ट्रेड करते नजर आए। सुबह 9:17 बजे BSE Sensex 137.14 अंक यानी 0.17% गिरकर 78,356.40 पर पहुंच गया, जबकि Nifty 50 61.65 अंक यानी 0.25% की कमजोरी के साथ 24,291.50 पर कारोबार कर रहा था।
बाजार में गिरावट का मुख्य दबाव मेटल और रियल्टी सेक्टर से आया, जहां निवेशकों ने बिकवाली दिखाई। निफ्टी मेटल और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स टॉप लूजर्स में रहे। इसके अलावा डिफेंस, पीएसई, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कमोडिटीज और ऑयल एंड गैस सेक्टर में भी कमजोरी दर्ज की गई।
हालांकि, कुछ सेक्टरों ने बाजार को सपोर्ट भी दिया। पीएसयू बैंक, मीडिया और कंजप्शन सेक्टर के शेयरों में खरीदारी देखने को मिली, जिससे गिरावट सीमित रही। दिलचस्प बात यह रही कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में मजबूती बनी रही। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 303.70 अंक यानी 0.51% की तेजी के साथ 60,201.90 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 38.40 अंक यानी 0.22% बढ़कर 17,604 पर रहा।
वैश्विक संकेतों की बात करें तो एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख देखने को मिला। टोक्यो, हांगकांग, शंघाई, सोल और जकार्ता के बाजार हरे निशान में रहे, जबकि बैंकॉक में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, अमेरिकी बाजार पिछले कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ बंद हुए थे।
निवेशकों के रुख में भी फर्क देखा गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 683.20 करोड़ रुपये की खरीदारी की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 4,721.48 करोड़ रुपये की बिकवाली की। विशेषज्ञों के अनुसार Strait of Hormuz में बढ़ते तनाव और तेल आपूर्ति की अनिश्चितता बाजार में उतार–चढ़ाव को बढ़ा सकती है। ऐसे में निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है









