वेक्टर जनित रोगों पर फॉगिंग-एंटी लार्वा छिड़काव के निर्देश

अंबेडकर नगर। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कई अहम निर्देश जारी किए। वेक्टर जनित रोगों व संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। डेंगू व मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फॉगिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

फॉगिंग में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में डेंगू-मलेरिया के मरीज सामने आ रहे हैं, वहां संबंधित अधिशासी अधिकारी व एडीओ पंचायत तुरंत फॉगिंग व एंटी लार्वा छिड़काव कराएं। इसमें किसी प्रकार की ढिलाई क्षम्य नहीं होगी।

एम्बुलेंस सेवाओं की जांच, कमियों पर भुगतान कटौती के निर्देश

102 और 108 एम्बुलेंस सेवाओं के रिस्पांस टाइम में और सुधार लाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को सभी एम्बुलेंस की जांच कराने के निर्देश दिए। उपकरणों की कमी पाए जाने पर राज्य को सूचित कर भुगतान में कटौती करने का आदेश भी जारी किया गया।

मार्च 2026 तक टीबी मुक्त जनपद का संकल्प

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप मार्च 2026 तक जनपद को टीबी मुक्त करना है। सभी एमओआईसी को स्क्रीनिंग बढ़ाने, मरीजों को पौष्टिक आहार देने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

टीकाकरण में लापरवाही पर कार्रवाई तय

बैठक में ओवरड्यू बच्चों के विशेष टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को समय से टीकाकरण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एक भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे, इसके लिए शत-प्रतिशत आच्छादन का प्रमाण पत्र भी मांगा जाएगा।

Back to top button