
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को लेकर मंगलवार अपराह्न कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने की। बैठक में जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, सभी उप जिला जनगणना अधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी और जनगणना निदेशालय से आए जिला प्रभारी अतुल सिंह मौजूद रहे।
26 मई से प्रत्येक प्रगणक को क्षेत्र में शुरू करना होगा कार्य
जिलाधिकारी ने कहा कि 26 मई 2026 से प्रत्येक प्रगणक अपने आवंटित क्षेत्र में तेजी से मकान सूचीकरण और गणना कार्य शुरू करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने उप जिला जनगणना अधिकारियों और चार्ज अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की लगातार समीक्षा करें। साथ ही सुपरवाइजरों के माध्यम से प्रगणकों की दैनिक प्रगति की रिपोर्ट भी लेते रहें।
सुपरवाइजरों को रोजाना रिपोर्ट देने के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन प्रगणकों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा करें और उसकी अद्यतन जानकारी उच्चाधिकारियों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि मकान सूचीकरण और डाटा संग्रहण का कार्य पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ होना चाहिए।









