
अंबेडकरनगर में आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने की। बैठक में योजना के तहत अवशेष पात्र परिवारों और लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड समयबद्ध तरीके से बनाए जाने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद के सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड आगामी 14 अगस्त 2026 तक हर हाल में तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर पात्र व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सीएचओ को प्रतिदिन 25 गोल्डन कार्ड बनाने का लक्ष्य
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को निर्देश दिया कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के स्तर पर प्रतिदिन का लक्ष्य तय करते हुए विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सीएचओ को न्यूनतम 25 गोल्डन कार्ड प्रतिदिन बनाने के लक्ष्य के अनुसार कार्य करना होगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बनाई गई कार्ययोजना का प्रभावी तरीके से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा भी की जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा हो सके।
अधिकारियों को दी गई नियमित समीक्षा की जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अभियान की प्रतिदिन निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, जिससे पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ तेजी से पहुंच सके। बैठक में लक्ष्य पूर्ति के लिए विभागवार जिम्मेदारियां भी तय की गईं।









