अम्बेडकरनगर। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चल रहे समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को राजकीय जिला पुस्तकालय में विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
प्रमुख योजनाओं पर दी विस्तृत जानकारी
संवाद के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, प्रधानमंत्री जन धन योजना, स्टार्टअप इंडिया, कौशल विकास मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत योजना जैसी योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने पूछे सवाल, मिला समाधान
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न योजनाओं और शिक्षा से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे। मुख्य अतिथि ने सभी प्रश्नों का सरल भाषा में समाधान किया। संवाद के दौरान वातावरण सहज और जानकारीपूर्ण रहा।
उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
92 विद्यालयों में भी चल रहा अभियान
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद के 32 राजकीय और 60 अशासकीय विद्यालयों में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी देना है।









