तेहरान। इजराइल और अमेरिका के हमलों के बाद ईरान में आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। युद्ध और अंतरराष्ट्रीय दबावों के बीच देश में महंगाई ने आम लोगों की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि कई परिवारों की मासिक आय महीने के बीच में ही खत्म हो रही है और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदना मुश्किल होता जा रहा है।
तेहरान के 52 वर्षीय सरकारी कर्मचारी मेहदी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उन्होंने मोहल्ले की दुकान से उधार राशन लिया था, लेकिन अगले ही दिन भुगतान करने पहुंचे तो बिल लगभग दोगुना हो चुका था। उनका कहना है कि तेजी से बढ़ती कीमतों के कारण अब परिवार का खर्च चलाना बेहद कठिन हो गया है।
तेहरान, इस्फहान, अहवाज और मशहद जैसे प्रमुख शहरों के लोगों का कहना है कि उन्हें अब बमबारी से ज्यादा रसोई के खर्च की चिंता सताने लगी है। लगातार बढ़ती महंगाई और आर्थिक अनिश्चितता ने आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
रिपोर्ट के अनुसार कई इलाकों में लोग रोटी, राशन और सुपरमार्केट से खरीदे जाने वाले जरूरी सामान तक किस्तों (EMI) पर खरीदने को मजबूर हैं। बढ़ती कीमतों के कारण परिवारों का बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है।









