
- प्रयागराज में दिनदहाड़े ज्वेलर अमन सोनी की गला रेतकर हत्या
- हमलावरों ने नहर में फेंका शव, मामा और ग्रामीणों ने पीछा किया
- एक आरोपी शिवम पटेल पकड़ा गया, भीड़ ने की पिटाई
प्रयागराज। रविवार को मऊआइमा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। हरखपुर गांव के पास दिनदहाड़े ज्वेलर अमन सोनी (25) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद बदमाशों ने अमन के शव को नहर में फेंक दिया और मौके से भाग निकले। घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने एक हमलावर को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
हमलावरों ने गहनों का ऑर्डर देने के बहाने बुलाया
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी का नाम शिवम पटेल है। उसने पूछताछ में बताया कि वारदात की साजिश प्रेम पटेल ने रची थी। उसने अमन को फोन कर कहा कि गहनों का ऑर्डर देना है। अमन बाइक से मिलने के लिए बालाडीह गांव पहुंचा। तभी तीन हमलावरों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
मामा के सामने हुई हत्या, नहर में फेंका शव
अमन के मामा अनिल कुमार सोनी ने बताया कि वह बालाडीह गांव से गुजर रहे थे। तभी नहर के पास उन्होंने देखा कि 3-4 लोग अमन पर चाकू से हमला कर रहे हैं। उन्हें देखते ही हमलावरों ने अमन का गला रेत दिया और नहर में फेंक दिया। हमलावर भागने लगे, लेकिन शिवम पटेल बाइक पर नहीं चढ़ पाया। लोगों ने उसे पकड़ लिया।
परिजनों ने लगाया जाम, बोले- सभी आरोपी पकड़े जाएं
दोपहर करीब 3 बजे घटना की जानकारी मिलते ही परिजन प्रयागराज-फैजाबाद हाईवे पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ सड़क जाम कर दी। उनका कहना था कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे।
पुलिस की कार्रवाई और प्रारंभिक जांच
पुलिस ने शव को नहर से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मऊआइमा थाना प्रभारी पंकज अवस्थी ने बताया कि एक आरोपी को पकड़ लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे रुपए के लेन-देन का विवाद सामने आ रहा है।









