
- शिक्षा विभाग की योजनाओं की हुई समीक्षा
- स्कूलों में पेयजल और चहारदीवारी जल्द पूरी करने के निर्देश
- निर्माण कार्यों में देरी पर डीएम ने जताई नाराजगी
अम्बेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति तथा जिला निपुण टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में शिक्षा व्यवस्था, निर्माण कार्यों, निपुण मिशन और स्कूलों की मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पटेल ने पीपीटी के माध्यम से विभागीय योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत चहारदीवारी विहीन विद्यालयों का कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में रसोईघर और परिसर में पेयजल की व्यवस्था नहीं है, वहां 15 मई तक पानी की सुविधा सुनिश्चित कराई जाए। संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को जियो टैग फोटो के साथ प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने को कहा गया।
निर्माण कार्यों में देरी पर जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय, मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने तय समय सीमा में कार्य पूरा न होने पर संबंधित निर्माण एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
भीटी, कटेहरी, भियांव, जलालपुर और रामनगर स्थित कस्तूरबा विद्यालयों के छात्रावास, अतिरिक्त डॉर्मेट्री और टॉयलेट ब्लॉक का कार्य शीघ्र पूरा कर हैंडओवर करने को कहा गया।









