लखनऊ। लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के मुख्यालय के बाहर सोमवार को जूनियर असिस्टेंट भर्ती के अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी पर नाराजगी जताई।
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया शुरू हुए तीन साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक परिणाम घोषित नहीं किया गया है। इससे हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
हरदोई से आए एक अभ्यर्थी ने बताया कि आवेदन करने के बाद से ही उन्हें लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है। कभी वैकेंसी को लेकर, कभी परीक्षा प्रक्रिया को लेकर और अब रिजल्ट जारी कराने के लिए बार-बार आंदोलन करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने कहा कि वे प्रदेशभर से समय-समय पर लखनऊ आकर आयोग के सामने अपनी मांगें रखते हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिलता है। नियुक्ति प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो पाई है।
अभ्यर्थियों के अनुसार, PET-2022 के तहत निकाली गई 1468 पदों वाली ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती और 5512 (संशोधित 5369) पदों की जूनियर असिस्टेंट भर्ती का परिणाम अभी तक जारी नहीं हुआ है। परिणाम में लगातार हो रही देरी से अभ्यर्थियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।









