वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर के वीआईपी गेट नंबर-4 पर शनिवार सुबह 6:44 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक पीएसी जवान की कार्बाइन से अचानक दो गोलियां चल गईं। घटना में गोलियां सीधे सड़क पर लगीं, जिससे सड़क की गिट्टी उखड़कर पास खड़े तीन लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग कुछ देर तक समझ नहीं पाए कि क्या हुआ। गोलियों की आवाज सुनते ही सुरक्षा बल तुरंत अलर्ट हो गए और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
बताया जा रहा है कि सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और स्पष्ट किया कि फायरिंग गलती से हुई थी। घटना का करीब 57 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें जवान को कार्बाइन संभालते और फिर अचानक फायरिंग होते हुए देखा जा सकता है।
घटना में घायल तीनों लोग—निक्की गुप्ता, रामबाबू और विकास यादव—मंदिर के बाहर माला-फूल बेचने का काम करते हैं। पुलिस ने सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत सामान्य बताई है। दो लोगों के हाथ में और एक के कमर में पत्थर के टुकड़े लगने से चोट आई है।
घटना मंदिर परिसर के वीआईपी गेट नंबर-4 के पास हुई, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।









