कोडीन कफ सिरप तस्करी के नेटवर्क का अहम सदस्य गिरफ्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के मामले में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। हाई-प्रोफाइल तस्करी नेटवर्क से जुड़े शुभम जायसवाल के सबसे करीबी सहयोगी विकास सिंह नरवे को गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ लंबे समय से उसकी तलाश में थी और अब गिरफ्तारी के बाद तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।

जांच में सामने आया है कि विकास सिंह नरवे ही शुभम जायसवाल को इस नेटवर्क के बड़े चेहरों अमित टाटा और आलोक सिंह से मिलवाने वाला प्रमुख कड़ी था। एसटीएफ के अनुसार, इसी संपर्क के जरिए कोडीन कफ सिरप की सप्लाई और तस्करी का नेटवर्क और मजबूत हुआ। विकास की भूमिका केवल संपर्क सूत्र तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह पूरे नेटवर्क के संचालन में सक्रिय रूप से शामिल रहा।

एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि विकास सिंह नरवे का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी सहित कई जिलों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में अवैध तस्करी, आपराधिक साजिश और नेटवर्क संचालन से जुड़े आरोप शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button