अमृतसर। अमृतसर में शनिवार को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का बड़ा बयान सामने आया है। अमृतसर दौरे पर पहुंचे खट्टर ने कहा कि जो भी इस पार्टी का समर्थन करेगा या इसकी फंडिंग करेगा, उसे देश के खिलाफ माना जाएगा।
दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 12 जून को एक वीडियो संदेश जारी कर घोषणा की थी कि वह शनिवार शाम 4 बजे अमृतसर पहुंचेंगे। उन्होंने युवाओं और छात्रों से अमृतसर के गोल्डन गेट पर एकत्र होने की अपील की थी।
अभिजीत दीपके के अनुसार, यह प्रदर्शन NEET और CBSE के छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि छात्र और युवा एकजुट होकर आवाज उठाएं तो परीक्षा संबंधी विवादों से प्रभावित विद्यार्थियों को न्याय मिल सकता है।
वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस संगठन और उसके समर्थकों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे समूहों को समर्थन देना राष्ट्रहित के खिलाफ माना जाएगा। उनके बयान के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत भारत के मुख्य न्यायाधीश रहे सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद चर्चा में आई थी। 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा था कि कुछ बेरोजगार युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जो बाद में मीडिया, सोशल मीडिया या आरटीआई एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम पर हमला करते हैं। इसी टिप्पणी के विरोध में इस संगठन के गठन और गतिविधियों को जोड़ा जा रहा है।
फिलहाल अमृतसर में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर प्रशासन और राजनीतिक हलकों की नजरें बनी हुई हैं।









