आगरा में लेडी लॉयल हॉस्पिटल होगा शिफ्ट

लेडी लॉयल हॉस्पिटल हलवाई की बगीची से शिफ्ट होकर ईएसआई हॉस्पिटल के पीछे बनेगा

5 एकड़ भूमि पर 65 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

200 बेड का अत्याधुनिक महिला चिकित्सालय तैयार होगा

आगरा। जिला महिला चिकित्सालय, जिसे लेडी लॉयल हॉस्पिटल के नाम से जाना जाता है, अब हलवाई की बगीची से शिफ्ट होकर ईएसआई हॉस्पिटल के पीछे बनेगा। यह कदम एसएन मेडिकल कॉलेज के इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट प्लान के तहत उठाया गया है। नई बिल्डिंग के लिए ज़मीन एसएन मेडिकल कॉलेज ने उपलब्ध कराई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि ईएसआई हॉस्पिटल के पीछे लगभग 5 एकड़ जमीन पर यह नया भवन बनाया जाएगा। 65 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह जिला महिला चिकित्सालय 200 बेड की क्षमता वाला होगा। निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया अस्पताल

नया भवन 8 मंजिला होगा, जिसमें डॉक्टरों के चैंबर, पार्किंग, ओपीडी परिसर और डायग्नोसिस सेंटर जैसी सुविधाएं होंगी।
यहां चार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, एनआईसीयू, आईसीयू, और कंगारू थेरेपी यूनिट बनाई जाएगी।
कंगारू यूनिट में कम वजन वाले नवजात शिशुओं को माता-पिता के सानिध्य में विशेष देखभाल दी जाएगी।

पुराने भवन होंगे ध्वस्त

इंटीग्रेटेड प्लान के तहत एसएन मेडिकल कॉलेज और लेडी लॉयल हॉस्पिटल के 73 पुराने भवन गिराए जाएंगे, जिनमें 31 एसएन मेडिकल कॉलेज के और 42 लेडी लॉयल हॉस्पिटल के हैं।
दोनों संस्थान मिलकर 55 एकड़ में फैले हैं, जिनमें से 20 एकड़ क्षेत्र लेडी लॉयल हॉस्पिटल का है।
अस्पताल का निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button