- मायके जाने को लेकर हुआ विवाद
- पति पर पत्नी की नाक काटने का आरोप
- पत्नी की मां ने ननद को किया घायल
लखीमपुर-खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पति ने विवाद के दौरान कथित तौर पर दांतों से पत्नी की नाक काट दी। इसके बाद पत्नी की मां ने गुस्से में पति की 18 वर्षीय बहन की नाक काट दी। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
मामला पडुआ इलाके का है। जानकारी के अनुसार, श्रवण कश्यप की शादी करीब चार साल पहले प्रीति से हुई थी। दंपती की अभी कोई संतान नहीं है। बताया जा रहा है कि प्रीति अपनी चचेरी बहन की शादी में मायके जाना चाहती थी, जबकि पति इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि गुस्से में पति ने पत्नी के साथ मारपीट की और उसकी नाक काट दी। घायल पत्नी ने अपने मायके फोन कर दिया। बेटी की हालत देखकर उसकी मां ससुराल पहुंची और विवाद के दौरान उसने श्रवण की 18 वर्षीय बहन मोनी की नाक काट दी। घायल युवती खून से लथपथ हो गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद सभी थाने पहुंचे। पुलिस के अनुसार, पत्नी और ननद का निजी अस्पताल में इलाज कराया गया है। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।









