अन्ना यूनिवर्सिटी रेप केस में दोषी ज्ञानसेकरन को उम्रकैद

  • कम से कम 30 साल तक रहना होगा जेल में
  • 11 आरोपों में दोषी करार, 90 हजार का जुर्माना
  • आरोपी ने पीड़िता को धमकाने के लिए वीडियो भी बनाया

चेन्नई। तमिलनाडु की प्रतिष्ठित अन्ना यूनिवर्सिटी में दिसंबर 2024 में हुए रेप केस में बड़ा फैसला आया है। विशेष महिला कोर्ट की जज एम. राजलक्ष्मी ने सोमवार को दोषी ज्ञानसेकरन को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत ने यह स्पष्ट किया कि उसे बिना किसी छूट के कम से कम 30 साल जेल में रहना होगा। इसके साथ ही 90 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

11 आरोप साबित, 100 पेज की चार्जशीट

28 मई को अदालत ने ज्ञानसेकरन को यौन शोषण, रेप, धमकी और अपहरण समेत कुल 11 आरोपों में दोषी ठहराया था। पुलिस की ओर से दाखिल 100 पन्नों की चार्जशीट और 29 गवाहों की गवाही ने कोर्ट में आरोपी की सच्चाई उजागर कर दी।

घटना की रात: दोस्त की पिटाई के बाद रेप

घटना 23 दिसंबर 2024 की रात 8 बजे की है, जब 19 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा अपने पुरुष मित्र के साथ यूनिवर्सिटी कैंपस में थी। तभी आरोपी ज्ञानसेकरन वहां पहुंचा, दोस्त की बेरहमी से पिटाई की और युवती का रेप किया। वह युवती को ब्लैकमेल करने के लिए घटना का वीडियो भी बना रहा था।

CCTV और सबूतों से हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने यूनिवर्सिटी कैंपस के CCTV फुटेज की जांच के आधार पर अगले ही दिन ज्ञानसेकरन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी यूनिवर्सिटी के पास बिरयानी की दुकान चलाता था।

माफी की अपील खारिज

दोषी करार दिए जाने के बाद ज्ञानसेकरन ने अपनी बुजुर्ग मां और 8 साल की बेटी की देखभाल की दलील देकर सजा में राहत की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया।

राजनीतिक विवाद भी जुड़ा

भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने आरोपी की मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन के साथ फोटो साझा कर आरोप लगाया था कि ज्ञानसेकरन DMK से जुड़ा है। हालांकि, मुख्यमंत्री ने इसे खारिज करते हुए कहा कि वह केवल एक समर्थक था, पार्टी का सदस्य नहीं।

हाई-सिक्योरिटी जोन में रेप, सुरक्षा पर सवाल

घटना का स्थान हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में आता है, जहां पास में ही राजभवन और IIT मद्रास भी स्थित है। बावजूद इसके ऐसी जघन्य वारदात ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

पहले से दर्ज हैं कई केस

पुलिस के अनुसार ज्ञानसेकरन पर पहले से 15 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 2011 का एक रेप केस भी शामिल है। पूछताछ में उसने चोरी और लूटपाट की वारदातों को भी कबूला है। पुलिस ने उसके पास से 100 से अधिक सोने के सिक्के और एक लग्जरी SUV भी बरामद की है।

Back to top button