LU के असिस्टेंट प्रोफेसर गिरफ्तार

छात्रा को पेपर लीक का लालच देकर बुलाने का आरोप

लखनऊ। लखनऊ यूनिवर्सिटी के जूलॉजी विभाग में तैनात असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह को पुलिस ने शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। उन पर बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा को फोन कर पेपर लीक कराने का लालच देने और मिलने के लिए दबाव बनाने का आरोप है।

बताया जा रहा है कि आरोपी प्रोफेसर ने छात्रा को फोन कर कहा, “डार्लिंग, तुम्हारे लिए पेपर आउट करा दिया है। एग्जाम से पहले घर से आ जाओ, यहां पेपर दे देंगे।”

छात्रा ने इस बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। ऑडियो में प्रोफेसर छात्रा को लगातार मिलने के लिए बुलाते सुनाई दे रहे हैं, जबकि छात्रा उनसे मिलने से साफ इनकार कर रही है।

छात्रा बोली- मुझे फिर से परेशान करना चाहते हैं

फोन कटने के बाद छात्रा ने कहा कि आरोपी उसे फिर से “मोलेस्ट” करना चाहते हैं और उसे पेपर नहीं चाहिए। जानकारी के अनुसार आरोपी प्रोफेसर ने 14 और 15 मई की रात छात्रा को कई बार फोन किया था।

ऑडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच के आदेश दिए गए।

यूनिवर्सिटी ने दर्ज कराई FIR

विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुक्रवार शाम हजरतगंज थाना में आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। साथ ही पुलिस को ऑडियो क्लिप भी सौंपी गई।

इसके बाद पुलिस ने देर रात आरोपी प्रोफेसर को यूनिवर्सिटी कैंपस से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

4 साल से जूलॉजी विभाग में तैनात

जानकारी के मुताबिक डॉ. परमजीत सिंह पिछले चार वर्षों से विश्वविद्यालय के जूलॉजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। वह मूल रूप से बिजनौर के रहने वाले हैं और लखनऊ में पत्नी तथा दो बेटियों के साथ रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button