लखनऊ। काकोरी के अजीतनखेड़ा गांव में रविवार रात एक 50 वर्षीय व्यक्ति 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। वह टावर पर पहुंचकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF व फायर सर्विस की टीम को भी बुलाया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
रात 11:30 बजे टावर पर चढ़ा
गांव का रहने वाला शिवबरन रात करीब 11:30 बजे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया था। बिजली के तारों और ऊंचाई के कारण घटना बेहद जोखिम भरी थी। पुलिस और ग्रामीणों ने उसे काफी देर तक नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह टावर से नीचे नहीं आया।
इसके बाद फायर सर्विस और SDRF की टीम ने मोर्चा संभाला। दो बचावकर्मी टावर पर चढ़े और शिवबरन को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
एंबुलेंस से CHC भेजा गया
टावर से नीचे उतारने के बाद शिवबरन को एंबुलेंस से CHC बेहटा भेजा गया। चिकित्सकों ने उसका परीक्षण किया। जांच के बाद वह अपने परिजनों के साथ वापस गांव चला गया।
पत्नी से शराब के लिए पैसे मांगने की बात
पूछताछ में शिवबरन ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी उसे शराब खरीदने के लिए पैसे नहीं दे रही थी। इसी बात से नाराज होकर उसने खुद को नुकसान पहुंचाने की स्थिति बनाकर पत्नी को डराने की कोशिश की।
शिवबरन ने यह भी दावा किया कि गांव के एक व्यक्ति पर उसके करीब 4 लाख रुपये बकाया हैं और वह रकम वापस नहीं कर रहा है। हालांकि, उसकी पत्नी ने उसके इस दावे को गलत बताया।
संयुक्त प्रयास से बची जनहानि
पुलिस, फायर सर्विस, SDRF और विद्युत विभाग की टीमों के संयुक्त प्रयास से शिवबरन को सकुशल नीचे उतार लिया गया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।









