लखनऊ। लखनऊ से सहारनपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस आज से गोमती नगर टर्मिनल से नियमित रूप से दौड़ने लगी है। यह ट्रेन सोमवार को छोड़कर सप्ताह के सभी दिन चलेगी।
समय-सारणी और सुविधाएं
ट्रेन गोमती नगर टर्मिनल से दोपहर 3:10 बजे रवाना हुई और रात में 11:55 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। वापसी में सहारनपुर से सुबह 5:05 बजे रवाना होकर दोपहर 2:05 बजे गोमती नगर पहुंचेगी। पूरा सफर 8 घंटे 55 मिनट में पूरा होगा।
ट्रेन के लोको पायलट अनिल शर्मा ने बताया कि ट्रेन पूरी तरह साउंडलेस है और पैसेंजर्स को बाहर की आवाज़ नहीं सुनाई देगी। ट्रेन 110 किमी/घंटा की गति से चलेगी। अलार्म की मदद से पैसेंजर्स सीधे पायलट से बात भी कर सकेंगे।
यात्रियों की प्रतिक्रिया और पिछली जानकारी
ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों ने कहा कि नई वंदे भारत एक्सप्रेस के चलते ढाई से तीन घंटे का समय बचेगा। यह ट्रेन 8 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन की थी।
शुरू में इसे लखनऊ जंक्शन से चलाया जाना था, लेकिन रूट और समय तालमेल के चलते अब इसका प्रस्थान गोमती नगर टर्मिनल से तय किया गया है।








