
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह आए तेज तूफान और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। करीब डेढ़ घंटे चली तेज आंधी और बारिश के दौरान अलग अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार मड़ियांव क्षेत्र में दीवार गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि विभूति खंड में भी एक व्यक्ति ने जान गंवाई।
बारिश से शहर में जलभराव
तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सुल्तानपुर रोड समेत कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। नालों के उफान पर आने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आम किसानों को भारी नुकसान
मलिहाबाद क्षेत्र में आम की खेती करने वाले किसानों को भी बड़ा नुकसान हुआ है। तेज हवा और बारिश के चलते बागों में लगे छोटे आम जमीन पर गिर गए।
किसानों का कहना है कि उनकी पूरी मेहनत पर पानी फिर गया है और लागत निकालना भी मुश्किल हो सकता है। उन्होंने सरकार से मदद की मांग की है।
मौसम में अचानक बदलाव
सुबह के समय मौसम सामान्य था, लेकिन कुछ ही मिनटों में घने बादल छा गए और तेज तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।









