परमट घाट पर बड़ा हादसा, गंगा में डूबने से किशोर की मौत

चार दोस्तों में तीन को बचाया गया, एक की तलाश के बाद मिला शव, नहाने से पहले ली थी सेल्फी

कानपुर। परमट घाट पर मंगलवार तड़के गंगा नहाने के दौरान चार किशोर गहराई में जाने से डूबने लगे। अचानक हुए हादसे से घाट पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए तीन किशोरों को सुरक्षित बचा लिया, जबकि एक किशोर गहराई में समा गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद किशोर का शव गंगा से बरामद कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, बर्रा के जरौली फेस-वन निवासी 14 वर्षीय गोलू साहू ने बताया कि वह अपने दोस्तों अर्पित (14), शिवम गुप्ता (14), सत्यम (12) और सागर (14) के साथ सुबह करीब पांच बजे परमट घाट पर गंगा नहाने गए थे। घाट पर पहुंचने से पहले सभी ने किनारे खड़े होकर सेल्फी भी ली थी।

बताया गया कि चारों दोस्त गंगा में नहाने उतर गए, जबकि गोलू साहू घाट किनारे उनके कपड़ों की रखवाली के लिए बैठा रहा। इसी दौरान गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button