वाराणसी। लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पूरे प्रदेश में प्रशासनिक सख्ती बढ़ गई है। इसी क्रम में वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने शहर में कोचिंग सेंटरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए पिछले 35 घंटों में 35 कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई की है।
प्राधिकरण की टीमों ने शहर के विभिन्न कोचिंग हब में छापेमारी कर उन संस्थानों को चिन्हित किया जो मानकों के विपरीत या भवन मानचित्र स्वीकृति के बिना संचालित हो रहे थे। कार्रवाई के दौरान कई कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी को सील कर पुलिस अभिरक्षा में दे दिया गया।
कार्रवाई के बाद कई कोचिंग सेंटरों में ताले लग गए हैं और संचालक मौके से फरार बताए जा रहे हैं। वहीं कई शिक्षक भी संस्थानों से गायब हैं और कुछ के मोबाइल फोन भी बंद आ रहे हैं। स्थिति यह है कि नोटिस जारी होने के 24 घंटे बाद भी किसी भी संचालक की ओर से जवाब नहीं दिया गया है।
VDA वीसी पूर्ण बोरा ने बताया कि यह कार्रवाई भवन मानचित्र स्वीकृति और अग्नि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामलों में की गई है। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान के तहत बिना अनुमति संचालित कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निर्धारित भवन मानकों और अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य है, अन्यथा भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।









