दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से कथित तौर पर जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले मंगलवार को इस मॉड्यूल से जुड़े सात अन्य आरोपियों को पकड़ा गया था। अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह नेटवर्क पाकिस्तान स्थित कथित ISI हैंडलर शहजाद भट्टी से जुड़ा पाया गया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों को दिल्ली और आसपास के राज्यों में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने जैसे कार्य सौंपे गए थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को पाकिस्तानी हैंडलर्स के समर्थन में पोस्टर लगाने और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में ग्राफिटी के जरिए कथित ISI समर्थित संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ (TTH) का प्रचार-प्रसार करने की जिम्मेदारी भी दी गई थी।
स्पेशल सेल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों, फंडिंग स्रोतों और संभावित गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपी की तलाश में भी छापेमारी की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील मामला मानते हुए गहन जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









