बरेली में अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई

102 नए गैंग चिह्नित, 479 की खुली हिस्ट्रीशीट

बरेली पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले लगभग दो वर्षों में 102 नए गैंग चिह्नित किए हैं। इसके साथ ही 479 नए अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर उन्हें निगरानी सूची में शामिल किया गया है।

एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार, 27 जून 2024 से पहले जिले में 208 गैंग पंजीकृत थे, जिनमें 972 सदस्य शामिल थे। हालिया कार्रवाई के बाद 102 नए गैंग जोड़े गए और 503 नए सदस्यों को निगरानी में लिया गया। वर्तमान में जिले में कुल 310 गैंग और 1,475 गैंग सदस्य पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हैं।

आंकड़ों के अनुसार, फरीदपुर थाना क्षेत्र अपराधी गैंगों की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है, जहां अब कुल 19 गैंग सक्रिय हैं। इसके बाद कोतवाली में 18, इज्जतनगर और भोजीपुरा में 17-17 तथा मीरगंज में 16 गैंग दर्ज हैं।

हिस्ट्रीशीटरों की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की गई है। जून 2024 से पहले जिले में 2,385 हिस्ट्रीशीटर थे, जो अब बढ़कर 2,864 हो गए हैं, यानी लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

थाना स्तर पर देखें तो बहेड़ी में सबसे अधिक 243 हिस्ट्रीशीटर दर्ज हैं। इसके बाद बारादरी में 171, फरीदपुर में 164, आंवला में 146 और भोजीपुरा में 145 हिस्ट्रीशीटर निगरानी में हैं, जबकि प्रेमनगर में सबसे कम 54 हिस्ट्रीशीटर हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंग रजिस्ट्रेशन और हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों की सतत निगरानी करना है, ताकि संगठित अपराध, भूमि कब्जा, अवैध वसूली और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button