लखनऊ। लखनऊ में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए विशेष अभियान चलाया। शहर के विभिन्न जोनों में सघन जांच के दौरान 11 उपभोक्ता मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते पकड़े गए। सभी के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है।
अमौसी जोन में अधिशासी अभियंता के निर्देशन में 57 बिजली कनेक्शनों की जांच की गई। इस दौरान पांच उपभोक्ता मीटर बाईपास कर बिजली का अवैध उपयोग करते पाए गए। विभाग के अनुसार इन उपभोक्ताओं का विद्युत भार 2.239 किलोवाट से 8.612 किलोवाट तक दर्ज किया गया।
मध्य क्षेत्र के राजाजीपुरम में भी विशेष जांच अभियान चलाया गया, जहां दो उपभोक्ता बिजली चोरी करते पकड़े गए। विभाग ने दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं जानकीपुरम जोन के दाऊद नगर उपकेंद्र क्षेत्र में मामा चौराहा स्थित 60 फीट रोड पर 34 परिसरों की जांच की गई। यहां एक उपभोक्ता घरेलू बिजली कनेक्शन से अतिरिक्त केबल जोड़कर करीब 7.5 किलोवाट क्षमता का युवा स्पोर्ट्स सेंटर संचालित करता मिला। विभाग ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की।
गोमती नगर जोन के छोटा भरवारा, लौलाई और विराज खंड-2 क्षेत्रों में भी जांच के दौरान तीन उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए। विभाग ने साफ किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।









