पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कथित वायरल वीडियो को लेकर चल रहे विवाद में एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। आरोप है कि पंजाब के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने गुरुग्राम के पॉश इलाके स्थित फाइव स्टार होटल क्राउन प्लाजा में एक गुप्त बैठक कर वीडियो को डीपफेक बताने की रिपोर्ट तैयार करवाई थी।
बताया जा रहा है कि यह बैठक 16 जून 2026 को हुई थी, जिसका CCTV फुटेज भी सामने आने का दावा किया जा रहा है। इस फुटेज में लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा और SP जशनदीप गिल के मौजूद होने की बात कही जा रही है। इसके अलावा SP जशन गिल से जुड़े एक वॉट्सएप चैट का स्क्रीनशॉट भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर CM के वीडियो की रिपोर्ट में बदलाव को लेकर बातचीत होने का दावा किया गया है।
हालांकि, इस पूरे मामले और सामने आए CCTV फुटेज तथा चैट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
मामले में गुरुग्राम पुलिस पहले ही दो युवकों के खिलाफ FIR दर्ज कर चुकी है। इसी बीच शिकायतकर्ता और फोरेंसिक एक्सपर्ट जसप्रीत सिंह ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया है कि क्राउन प्लाजा होटल में अधिकारियों ने उससे 10 लाख रुपये की डील की थी।









